टेलीविज़न
इन्सैट भारत में टेलीविज़न व्याप्ति के विस्तार के लिए प्रमुख उत्प्रेरक रहा है। उपग्रह टेलीविज़न अब 100% क्षेत्रों में 100% आबादी को आवृत करता है। स्थलीय व्याप्ति भारतीय भू परिमाण के 65 से अधिक और आबादी के 90 प्रतिशत से अधिक है। सम्प्रति इन्सैट-3ए, इन्सैट-4बी, इन्सैट-3सी और इन्सैट-2ई के सी-बैंड प्रेषानुकरों के माध्यम से नए अपलिंकों समेत 40 दूरदर्शन टी.वी.चैनल प्रचालित हो रहे हैं (इसके अलावा आईएस-10 और आईएस-906 इनटेलसैट लीज़ पर है)। सभी उपग्रह टी.वी.चैनल डिजिटल हैं।
दूरदर्शन द्वारा निम्नलिखित उपग्रह टेलीविज़न सेवाएँ प्रचालित की जा रही हैं:
राष्ट्रीय नेटवर्किंग सेवा (डीडी-1), डीडी समाचार (डीडी-2), डीडी-खेल, डीडी-उर्दू, डीडी-इंडिया, डीडी-भारत, डीडी-भारती।
केरल, कर्नाटक, जम्मू और कश्मीर, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, उड़िसा, बिहार, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड (उत्तरांचल), हरियाणा, मिज़ोरम, झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्यों में क्षेत्रीय सेवाएँ।
दिसंबर, 2008 के इन्सैट प्रणाली में दूरदर्शन के 1412 प्रेषित्र कार्य कर रहे हैं जिनमें से 1133 प्रेषित्र (130 उच्च शक्ति प्रेषित्र (एचपीटी), 728 निम्न शक्ति प्रेषित्र (एलपीटी), 257 अति निम्न शक्ति वाले प्रेषित्र (वीएलपीटी) और 18 परिवर्तक) डीडी-1 नेटवर्क में कार्यरत हैं और 167 टी.वी. प्रेषित्र (77 एचपीटी, 78 एलपीटी और 16 वीएलपीटी) डीडी-समाचार नेटवर्क में कार्यरत हैं। 108 क्षेत्रीय सेवा प्रेषित्र (6 एचपीटी, 8 एलपीटी और 94 वीएलपीटी), डिजिटल संचरण सहित 4 एचपीटी भी दूरदर्शन नेटवर्क में प्रचालित हैं। इन 4 प्रेषित्रों में से दिल्ली में अवस्थित एक प्रेषित्र प्रायोगिक उद्देश्य से 16 मोबाइल टी.वी.सेवाएँ चला रहा है। डीटीएच सेवा ("डीडी डायरेक्ट+") के माध्यम से 45 डीडी और निजी टी.वी.चैनल प्रचालित हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप-समूह के लिए सी-बैंड में आयोजित 10 चैनल डीटीएच संस्थापनाधीन है।
इन्सैट भारतीय क्षेत्र पर डीटीएच प्रसारण सेवा के लिए बैण्ड विस्तार उपलब्ध कराता है। सम्प्रति डीटीएच सेवा इन्सैट-4 श्रृंखला के माध्यम से प्रचालन में है। इन्सैट-4 श्रृंखला में पूरे भारत में अभिग्रहण दिशा में टीवीआरओ के 60/90 सें.मी. डिश सहित डीटीएच सेवा के समर्थन में 52 डी बी डब्ल्यू ईआईआरपी (ईओसी) के साथ उच्च शक्ति प्रेषानुकर हैं।
टाटा-स्काई कुल 150 वीडियो चैनलों सहित इन्सैट-4ए के ज़रिए 83 डिग्री पूर्व में डीटीएच सेवा प्रचालित करता है। दूरदर्शन (डीडी-डाइरेक्ट) निःशुल्क प्रसारण वाले 48 चैनलों सहित इन्सैट-4बी के ज़रिए 93.5 डिग्री पूर्व पर डीटीएच सेवा प्रचालित करता है। सन डाइरेक्ट और भारती एयरटेल जैसे अन्य निजी डीटीएच सेवा प्रदाताओं ने भी इन्सैट-4बी और इन्सैट-4सीआर के ज़रिए, जोकि 74 डिग्री पूर्व अवस्थित है, डीटीएच सेवा प्रारंभ की है।
समग्रतः. 10 मिलियन से अधिक डीडी डायरेक्ट टीवीआरओ की संख्या सहित विभिन्न सेवा प्रदाताओं द्वारा पूरे भारत में लगभग 16.2 मिलियन टीवीआरओ संवितरित और प्रचालित हैं।